सरला देवी इंटर कॉलेज थरियांव में आयोजित हुआ जागरूकता कार्यक्रम, हेलमेट और सीट बेल्ट के महत्व की दी गई जानकारी
फतेहपुर। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा पखवाड़ा-2026 के तहत बुधवार को सरला देवी इंटर कॉलेज थरियांव में ‘ट्रैफिक की पाठशाला’ का आयोजन किया गया। सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय फतेहपुर एवं भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई), पीआईयू कानपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में करीब एक हजार छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा के नियमों की जानकारी दी गई। साथ ही सभी विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने और दूसरों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।कार्यक्रम में ट्रैफिक सब इंस्पेक्टर सतीश पवार की उपस्थिति में विद्यार्थियों को सड़क पर सुरक्षित आवागमन के तौर-तरीकों से अवगत कराया गया। इस दौरान सीएसआर मैनेजर फिरोज खान ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल यातायात नियमों का पालन करने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक व्यक्ति के जीवन की रक्षा से जुड़ी सामूहिक जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है, इसलिए वाहन चलाते समय हमेशा सतर्कता बरतनी चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट पहनने, चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट लगाने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने की सलाह दी। इसके अलावा सड़क पार करते समय दोनों तरफ देखकर सावधानी बरतने और यातायात संकेतों का पालन करने के बारे में भी विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि सड़क सुरक्षा पखवाड़ा 16 से 30 नवंबर 2026 तक चलाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न स्थानों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाएगा, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। अंत में विद्यार्थियों से अपील की गई कि वे स्वयं यातायात नियमों का पालन करें और अपने परिवार के सदस्यों तथा आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
