ग्राम विरासनी में जीने की स्लोप गिरने से तीन लोग घायल, उप जिलाधिकारी ने मौके पर पहुंचकर लिया जायजा

ग्राम विरासनी में जीने की स्लोप गिरने से तीन लोग घायल

जालौन। जनपद के ग्राम विरासनी में एक मकान की जीने (सीढ़ी) की स्लोप अचानक गिर जाने से तीन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही उप जिलाधिकारी हेमन्त पटेल तत्काल मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए परिजनों से मुलाकात कर हर संभव प्रशासनिक सहायता का भरोसा दिलाया। उप जिलाधिकारी ने बताया कि हादसे में प्रिया पुत्री अनिल कुमार (उम्र 6 वर्ष) के सिर में गंभीर चोट आई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई से बेहतर उपचार के लिए झांसी रेफर किया गया है। वहीं जिया पत्नी अनिल कुमार (उम्र 28 वर्ष) तथा सरस्वती पत्नी शिवम कुमार (उम्र 30 वर्ष) को सामान्य चोटें आई हैं। दोनों घायलों का उपचार राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई में चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य एवं स्थिर है। मौके पर पहुंचे उप जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए कहा कि घायलों के उपचार में किसी प्रकार की कमी न रहने पाए। उन्होंने परिजनों को आश्वस्त किया कि शासन के प्रावधानों के अनुसार दैवीय आपदा मद से जो भी अनुमन्य आर्थिक सहायता देय होगी, उसे प्राथमिकता के आधार पर उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासन द्वारा घटना पर लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा पीड़ित परिवार को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *