आटा-अकोड़ी मार्ग पर शटडाउन के दौरान लापरवाही ने ली संविदाकर्मी की जान, गुस्साए ग्रामीणों ने किया पावर हाउस का घेराव

राहुल कुमार।

उरई , जालौन। आटा-अकोड़ी मार्ग पर गुरुवार शाम एक बड़ी लापरवाही ने 22 साल के एक युवा संविदाकर्मी की जान ले ली। शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे लाइनमैन को अचानक करंट लग गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने पावर हाउस का घेराव कर दिया, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।मृतक की पहचान ग्राम संधि निवासी नीतू कुशवाहा (उम्र करीब 22 वर्ष) के रूप में हुई है। नीतू आटा पावर हाउस के संविदा विद्युतकर्मी थे। शाम करीब 4:00 बजे वह शटडाउन लेकर आटा-कोड़ी मार्ग स्थित ट्रांसफार्मर पर कार्य कर रहे थे।आरोप है कि इसी दौरान बिना रजिस्टर में एंट्री किए कथित तौर पर लाइन चालू कर दी गई जिससे ट्रांसफार्मर पर काम कर रहे नीतू को तेज करंट लग गया। करंट इतना तेज था कि नीतू को संभलने का मौका तक नहीं मिला और उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गईघटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के पावर हाउस का घेराव किया और लापरवाही बरतने वाले विद्युत कर्मचारियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन के दौरान कुछ लोगों ने कानून को हाथ में लेने की भी कोशिश की, जिससे माहौल तनावपूर्ण हो गया।सूचना मिलते ही मौके पर भारी पुलिस-प्रशासन बल व एंबुलेंस पहुंच गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और परिजनों को समझाने का प्रयास किया। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।नीतू की मौत की खबर सुनते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मां-बाप, भाई-बहन का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों का कहना है कि अगर शटडाउन के नियमों का सही से पालन हुआ होता, तो आज नीतू जिंदा होता।ग्रामीणों और परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच, दोषियों पर सख्त कार्रवाई और मृतक के परिवार को मुआवजा देने की मांग की है। पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *