हमीरपुर में सिपाही पर वसूली का आरोप हाट्सएप कॉल के जरिए रकम मांगने का आरोप, पैसे न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी देने का दावा
हमीरपुर। जलालपुर थाने में तैनात एक सिपाही पर ग्रामीण से कथित तौर पर अवैध वसूली करने का आरोप लगा है। पीड़ित का कहना है कि सिपाही उससे हर सप्ताह एक हजार रुपये के साथ शराब की मांग करता है। मांग पूरी नहीं होने पर गाली-गलौज करने और झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी दी जाती है।जलालपुर थाना क्षेत्र के मसीदन गांव निवासी ग्रामीण ने पुलिस अधीक्षक को शिकायती पत्र सौंपकर पूरे मामले की जांच कराने की मांग की है। शिकायत में थाने के चालक सिपाही रतनेश पर आरोप लगाया गया है कि वह व्हाट्सएप कॉल के माध्यम से रुपये मांगता है। पीड़ित ने अपनी शिकायत में व्हाट्सएप कॉल की रिकॉर्डिंग और अन्य साक्ष्य होने का भी दावा किया है।ग्रामीण के मुताबिक, हर सप्ताह एक हजार रुपये और शराब की मांग पूरी नहीं करने पर उसे परेशान किया जाता है। इतना ही नहीं, झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भेजने की धमकी भी दी जाती है।पीड़ित ने एसपी से मामले को गंभीरता से लेते हुए व्हाट्सएप कॉल और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच कराने तथा आरोप सही पाए जाने पर संबंधित सिपाही के खिलाफ विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि और पुलिस प्रशासन की ओर से आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है।
