
ईओ बोले ठेकेदार को भेजा रहा नोटिस
फोटो
भरुआ सुमेरपुर। छह माह पूर्व लाखों रुपए की लागत से श्रीगायत्री विद्या मंदिर इंटर कॉलेज के बगल में संस्कृत विद्यालय तक जाने के लिए बनाया गया सीसी मार्ग जगह जगह से ध्वस्त होने से घटिया निर्माण की पोल खुल गई है। चर्चा है कि इस सीसी मार्ग को नगर पंचायत के करीबी रिश्तेदार ने बनाया था। उसने निर्माण के समय मानकों को दर किनार करके निर्माण कराया था। निर्माण के समय से ही यह कार्य विवादित बना रहा।
नगर पंचायत ने 39 लाख रूपये की लागत से नेशनल हाईवे से कमलेश यादव के मकान तक सीसी मार्ग एवं नाली का निर्माण कराया था। यह सीसी मार्ग सीधे संस्कृत विद्यालय को जाने वाली सीसी मार्ग से जोड़ा गया था। छह माह में ही यह जगह-जगह से ध्वस्त हो गया है। इससे घटिया निर्माण की पोल खुल गई है। बताते हैं की सीसी मार्ग का निर्माण कार्य नगर पंचायत अध्यक्ष के करीबी रिश्तेदार ने कराया था। इसने अपनी धौंस दिखाकर मानकों को ताक में रखकर निर्माण कराया था। निर्माण के समय से ही यह कार्य चर्चा में रहा था। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी दिनेश आर्य ने बताया कि मामला संज्ञान में है। घटिया निर्माण करने पर ठेकेदार को नोटिस दिया जा रहा है। जल्द ही इसकी मरम्मत कराई जाएगी।
