भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के स्टेशन मार्ग में महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी में अहिल्याबाई होल्कर के त्याग एवं बलिदान के बारे में वक्ताओं ने विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका बलिदान महिलाओं के लिए प्रेरणा है। इस मौके पर उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ सदर विधायक डा. मनोज कुमार प्रजापति ने अहिल्याबाई होल्कर के चित्र पर माल्यार्पण करने के उपरांत गोष्ठी को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में कम नहीं है। फर्श से लेकर अर्श तक पहुंचकर देश का नाम रोशन कर रही हैं। ऑपरेशन सिंदूर में अहम भूमिका निभाने वाली सैन्य अधिकारियों की प्रशंसा पूरा देश कर रहा है। उन्होंने अहिल्याबाई होल्कर के बलिदान से महिलाओं को रूबरू कराया। गोष्ठी को ब्लॉक प्रमुख जयनरायन सिंह यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजकिशोर गुप्ता, उर्मिला सिंह आदि ने संबोधित किया। गोष्ठी की अध्यक्षता स्वयं सहायता समूह की दया तिवारी ने की। संचालन उत्तम सिंह ने किया। खंड विकास अधिकारी विपिन कुमार ने सभी के प्रति आभार जताया। इस मौके पर मीना यादव, उषा सिंह, गीता ओमर, बाल विकास परियोजना अधिकारी प्रीति भिलवारे, सुपरवाइजर कामनी पाल के अलावा आंगनबाड़ी कार्यकर्ती, सहायिका, आशा बहू आदि मौजूद रहीं।

