सुबह नहीं हो सकी गांवों में जलापूर्ति
भरुआ सुमेरपुर। बीती रात आंधी पानी के साथ हुई तेज गर्जना के चलते 33 केवी लाइन के डेढ़ दर्जन इंसुलेटर ध्वस्त होने से सुमेरपुर द्वितीय एवं विदोखर सब स्टेशन की आपूर्ति ठप हो गई। जिससे एक दर्जन गांव अंधेरे में डूब गए। सुबह जल आपूर्ति न होने से लोगों को हैंडपंपों का सहारा लेना पड़ा। 16 घंटे बीत जाने के बाद आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। विद्युत विभाग की टीमें मरम्मत करने में जुटी है।
शनिवार की रात 12:00 बजे आंधी पानी के साथ हुई तेज गर्जना के चलते 132 केवी पावर हाउस से सुमेरपुर द्वितीय एवं विदोखर सब स्टेशन के लिए गई 33 केवी लाइन के 16 इंसुलेटर ध्वस्त हो गए। इससे दोनों पावर हाउस से जुड़े एक दर्जन से ज्यादा गांव में अंधेरा पसर गया।वहीं सुबह कहीं भी जलापूर्ति नहीं हो सकी। इससे लोग परेशान रहे। 16 घंटे बीत जाने के बाद आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी थी। दोनों पावर हाउस का कार्यभार संभाल रहे अवर अभियंता महेश चंद तिवारी ने बताया कि विद्युत कर्मियों की टीमें मरम्मत में जुटी हुई है। शाम तक आपूर्ति बहाल होने की संभावना है।

