रियल मीडिया नेटवर्क
राठ हमीरपुर। -क्षेत्र में आवासीय शिक्षण संस्थानों के नाम पर शिक्षा अब व्यापार का रूप लेती जा रही है। ऊँची फीस लेकर प्रवेश तो कराया जाता है, लेकिन बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ के आरोप भी तेजी से बढ़ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला नगर के चरखारी रोड स्थित माउंट वैली पब्लिक स्कूल (आवासीय) से सामने आया है।
कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परा निवासी रणजीत सिंह ने संबंधित अधिकारियों को शिकायती पत्र सौंपते हुए आरोप लगाया है कि उनके पुत्र श्रेय का कक्षा 4 में प्रवेश सत्र 2024-25 में माउंट वैली पब्लिक स्कूल में कराया गया था। विद्यालय के संचालक राहुल सिंह ने 40,000 रुपये वार्षिक शुल्क और पूर्व कक्षा तीन का स्थानांतरण पत्र जमा करवाया था।
रणजीत सिंह का कहना है कि जब सत्र पूर्ण होने के बाद उन्होंने अपने बेटे का स्थानांतरण प्रमाण पत्र और अंक तालिका मांगी, तो विद्यालय प्रशासन ने कक्षा दो का पुराना अंकपत्र थमा दिया। आपत्ति जताने पर पहले तो संचालक ने अभद्रता की, फिर कक्षा तीन का स्थानांतरण पत्र वापस कर दिया और दोबारा स्कूल न आने की चेतावनी दी।
पीड़ित अभिभावक का आरोप है कि संचालक राहुल सिंह छात्रों के साथ दुर्व्यवहार करता है और नशे की हालत में बच्चों को मारने-पीटने से भी परहेज नहीं करता। रणजीत सिंह ने इस संबंध में शिक्षा विभाग के अधिकारियों को पत्र भेजकर बच्चों के एक वर्ष के नुकसान से बचाव और उचित कार्रवाई की मांग की है।
इस संबंध में सहायक बेसिक शिक्षा अधिकारी शैलेश त्रिपाठी का कहना है कि शिकायत मुझे भी प्राप्त हुई है और आज मैं वहाँ गया भी था, परंतु स्कूल बंद था। कल पुनः जाऊंगा। मेरे कार्यालय में इस नाम से कोई भी स्कूल पंजीकृत नहीं है।
