जीवी
जेल में मौत होने पर परिजन हुए खुश
रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे की पुरानी गोश्त मंडी के समीप 15 अक्टूबर 2006 की रात शिवलाल सोनी के घर पर डकैती डालकर शिवलाल सोनी की हत्या करने वाले घटना के मुख्य आरोपी हनीफ उर्फ गनी की जेल में हुई मौत पर शिवलाल सोनी के परिजनों ने हर्ष जताया है।
जिले के जलालपुर के मूल निवासी शिवलाल सोनी वर्षों पूर्व कस्बे में आकर बस गए थे और ज्वेलरी बेचने के साथ गहनधरी का कार्य करते थे। कस्बे के कपड़ियाज मुहाल का निवासी हनीफ उर्फ गनी अपराधिक गतिविधियों में लिप्त रहता था और चोरी आदि का सामान शिवलाल को बेचने और गहनधरी का कार्य करता था। हनीफ उर्फ गनी को आशंका थी कि शिवलाल के पास ढेर सारा सोना और चांदी है। यह बात उसने अपने साथियों को बताई और शिवलाल को ढेर सारा लूट का माल बेचने का भरोसा देकर विश्वास में लेकर रात में दरवाजा खुलवाकर घटना को अंजाम दिया था। यह बात उसने खुलासे के दौरान पुलिस के सामने कबूल की थी। पुलिस ने गनी को मुख्य अभियुक्त मानकर अन्य साथियों को माल सहित गिरफ्तार करके घटना का खुलासा किया था। न्यायालय ने 18 वर्ष बाद 2024 में हनीफ सहित उसके साथियों को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। हनीफ के इसके अलावा अन्य जनपदों में भी हत्या लूट आदि के तमाम मुकदमे दर्ज थे। जेल में मौत होने की खबर जैसे ही शिवलाल सोनी के परिजनों को हुई। उन्होंने हर्ष जताते हुए कहा कि ईश्वर ने अब सही न्याय किया है।
