पुलिस भी रही हलाकान नहीं हाथ लगा कुछ
भरुआ सुमेरपुर। बीती रात क्षेत्र के ग्राम टेढ़ा में ड्रोन जैसी डिवाइस आसमान में घूमती हुई देखकर ग्रामीणों में दहशत फैल गयी। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और छतों में खड़े होकर निगरानी करते रहे।
पश्चिम के बाद अब बुंदेलखंड में रात के समय ड्रोन उड़ाए जाने की अफवाह ने जन्म लिया है। बीती रात क्षेत्र के ग्राम टेढ़ा में रात करीब 11 बजे आसमान में लाल एवं सफेद रंग की लाइट जलती हुई एक डिवाइस गांव के ऊपर चक्कर लगाती नजर आई। कुछ ही देर में यह अफवाह गांव भर में फैल गई। लोग कमरों से निकलकर छतों में पंहुच गये।
गांव के पूर्व प्रधान सौरभ सिंह, मानसिंह, अनमोल सिंह, सुंदर सिंह, प्रदीप प्रजापति आदि ने गांव में बस्ती के ऊपर ड्रोन जैसी डिवाइस आसमान में घूमने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पाकर पुलिस गांव पहुंची और आसमान में घूम रही डिवाइस को देखकर गांव के चारों तरफ चक्कर लगाया। लेकिन कोई संदिग्ध हाथ नहीं लगा। रात करीब 2 बजे डिवाइस अचानक गुम हो गई। इस घटना से ग्रामीणों में दहशत है। थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने कहा कि ड्रोन उड़ाने की बात झूठी है। यह किसी अराजकतत्व का कार्य है जो लोगों में दहशत पैदा करना चाहता है।

