
यातायात प्रभारी ने पहुंचाया अस्पताल
भरूआ सुमेरपुर। शनिवार को दोपहर करीब 1.30 बजे कस्बे के अंदर हाईवे में नौनिहालों के अचानक साइकिल मोड देने से हमीरपुर की ओर जा रहा बाइक सवार साइकिल से टकरा गया। इस घटना में साइकिल सवार दो नौनिहालों सहित बाइक सवार हाईवे में गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को मौके से गुजर रहे यातायात प्रभारी ने अपनी सरकारी गाड़ी से इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने पर सभी को सदर अस्पताल रेफर किया गया है।
कस्बे के वार्ड संख्या 16 के निवासी लक्ष्य 11 वर्ष पुत्र स्वर्गीय नीलू शिवहरे, ऋतिक 8 वर्ष पुत्र राम प्रकाश दोपहर करीब 1.30 बजे साइकिल से बस स्टॉप की तरफ से आ रहे थे। काली मंदिर के समीप इन्होंने पीडब्ल्यूडी स्टोर की तरफ को अचानक साइकिल मोड दी। इससे मौदहा की ओर से हमीरपुर की तरफ बाइक से जा रहा ललित यादव निवासी भदरस कानपुर साइकिल से टकरा गया और सभी हाईवे में गिरकर तडपने लगे। मौके से गुजर रहे यातायात प्रभारी हरवेंद्र यादव ने सभी घायलों को सरकारी गाड़ी से इलाज के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। हालत गंभीर होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सभी को सदर अस्पताल रिफर किया गया।

