भरूआ सुमेरपुर। कस्बे के बांदा मार्ग पर बनी रेलवे क्रॉसिंग के बंद होने के बाद वाहनों के आड़ा तिरछा घुस जाने से दोपहर में भीषण जाम लग गया। जाम में परिवहन निगम की बसें,स्कूली बसें आदि फंस गई। जाम से करीब एक घंटे स्कूली बच्चे यात्री धूप गर्मी के कारण परेशान रहे।
कस्बे के बांदा मार्ग में छोटी बाजार एवं धर्मेश्वर बाबा मुहाल के मध्य रेलवे का गेट संख्या 31 है। ट्रेनों के गुजरने के कारण इसको दिन में कई मर्तबा बंद किया जाता है। सुबह करीब 11 बजे दुर्ग से कानपुर जा रही बेतवा एक्सप्रेस को निकालने के लिए गेट बंद किया गया था। यात्री गाड़ी के निकलने के बाद जब गेट खोला गया तो भीषण जाम लग गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाम लगने का मुख्य कारण वाहनों के आड़ा तिरछा घुसना था। जाम से करीब एक घंटा बांदा मार्ग बाधित रहा और जाम में यात्री बसों के अलावा स्कूली बसें, डग्गामार वाहन ट्रक आदि फंसे रहे। एक घंटे बाद यातायात सामान्य होने पर लोगों ने राहत की सांस ली।
चिलचिलाती धूप में बांदा मार्ग जाम होने से परेशान रहे लोग
