हमीरपुर। भारतीय जनता पार्टी का स्थापना दिवस मुख्यालय स्थित जिला कार्यालय में मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा का झंडा फहराकर एक गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद और हमीरपुर सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति सहित कई प्रमुख नेता उपस्थित रहे।
गोष्ठी को संबोधित करते हुए पूर्व जिलाध्यक्ष ब्रजकिशोर गुप्ता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन है। उन्होंने स्थापना दिवस पर सभी समर्पित एवं राष्ट्रनिष्ठ कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
राज्यसभा सांसद बाबूराम निषाद ने कहा कि डा. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी संकल्प, पंडित दीनदयाल उपाध्याय के ‘अंत्योदय’ दर्शन और अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व से प्रेरित भाजपा ‘राष्ट्र सर्वोपरि’ के मूल भाव का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि पार्टी ने राजनीति को सेवा, समर्पण और जनकल्याण का माध्यम बनाया है।
सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति ने कहा कि असंख्य कार्यकर्ताओं के तप, त्याग और निष्ठा ने भाजपा को एक ऐसे विशाल वटवृक्ष में बदल दिया है, जो नए भारत की आकांक्षाओं का सशक्त प्रतिनिधित्व करता है।
विजय पांडे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के युवा नेतृत्व में पार्टी सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के संकल्प के साथ ‘विकसित भारत’ की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। जिलाध्यक्ष शकुंतला निषाद ने कहा कि भाजपा केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का एक सतत संकल्प है।
इस स्थापना दिवस एवं गोष्ठी कार्यक्रम में बुंदेलखंड क्षेत्रीय पूर्व संगठन मंत्री राजेंद्र त्रिपाठी, पिछड़ा मोर्चा क्षेत्रीय महामंत्री गणेश यादव, पूर्व विधायक अमरेश कुमारी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष लक्ष्मी दादा राजपूत, पूर्व जिलाध्यक्ष मनोज गुप्ता, लक्ष्मी रतन साहू, उत्तम सिंह, जिला मीडिया प्रभारी अरविंद श्रीवास्तव, किशन व्यास, आराधना राजपूत, राजेंद्र श्रीवास, सुरेंद्र तिवारी, दिगपाल सिंह चंदेल, अमित कुमार, अंकित गुप्ता, सीमा वर्मा, रेखा सिंह सहित जिले एवं मंडलों के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
भाजपा के स्थापना दिवस में जिला अध्यक्ष, सांसद और विधायक रहे मौजूद
