हमीरपुर। मौदहा क्षेत्र के ग्राम लदार में गांव के बाहर आर आर सी सेंटर के पास संदिग्ध हालत पर दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटके युवक के शव और वहां खड़ी नई बाइक देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी होते ही बिवांर पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक के कपड़ों की तलाशी के दौरान मिले मोबाइल व अन्य कागजातों के आधार पर शिनाख्त की। मृतक के परिजनों ने युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने मृतक के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतक की ममेरी बहन ग्राम पारा में ब्याही है। इस घटना को लेकर ग्रामीणों में तरह-तरह की चर्चाओं का बाजार गर्म है।
थाना क्षेत्र बिवांर के ग्राम लदार में गांव के बाहर आर आर सी सेंटर पर शुक्रवार की सुबह एक युवक का शव संदिग्ध हालत में दुपट्टे के सहारे फांसी पर लटकता व एक नई बाइक खड़ी देख ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। घटना की खबर फैलते ही आरसी सेंटर में ग्रामीणो की भीड़ जमा हो गई। यह जानकारी होते ही बिवांर पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतक के शव को फांसी से उतार उसके कपड़ों की तलाशी लेने के बाद उसकी शिनाख्त जगदीश 26 वर्ष पुत्र लाल दीवान प्रजापति निवासी ग्राम पचपहरा कोतवाली महोबा के रूप में की। मृतक के जेब से मिले मोबाइल व कागजों में मिले मोबाइल नंबर से उसके परिजनों को इस घटना की सूचना दी गई। जिस पर मृतक के परिजन रोते बिलखते ग्राम लदार पहुंच गए। मृतक के बड़े भाई रामपाल ने बताया कि गुरुवार को जगदीश अपनी भाभी को बाइक में लेकर महोबा अस्पताल आया था और वहां भाभी से अपनी ममेरी बहन जो थाना क्षेत्र बिवांर के ग्राम पारा में रामकिशन को ब्याही है। उसके यहां झगड़ा होने की बात कह महोबा से बाइक लेकर निकला था जबकि उनकी ममेरी बहन व बहनोई वर्तमान में दिल्ली में रहकर मजदूरी कर रहे हैं। अब यह लदार कैसे पहुंच गया यह उनकी समझ से बाहर है। उसने अपने भाई की हालत देख उसकी हत्या किए जाने की आशंका जताई है। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। यह घटना गांव व क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। मृतक दो भाइयों व एक बहन में सबसे छोटा व अविवाहित था। वह गुजरात में किसी फैक्ट्री में काम करता था। कुछ दिन पहले ही वह गुजरात से अपने गांव आया था। हाल में ही उसने एक नई बाइक भी खरीदी थी जो घटनास्थल पर खड़ी मिली है। अब मृतक के फोन की कॉल डिटेल ही इस घटना का पर्दाफाश कर सकते है कि यह आत्महत्या है या हत्या। फिलहाल लदार के ग्रामीणों का कहना है कि युवक की हत्या कहीं और की गई है और शव को उनके गांव में लाकर टांगा गया है। लोग यह मामला आशनाई से जोड़कर भी देख रहे है।

