दिल्ली से लौटी पत्नी व सालों को पति ने पीट पीटकर किया अधमरा

हमीरपुर। विवाद की वजह से दिल्ली में परिजनों संग रह रही महिला शुक्रवार को जैसे ही लौटी। पति ने अपने परिजनों संग मिलकर हमला कर दिया। ऑटो से गांव जाते समय बीच रास्ते बच्चा छीनने की कोशिश भी की। विरोध करने पर पत्नी के साथ-साथ सास और दो सालों की लोहे की रॉड और लाठी-डंडों से पिटाई कर दी। इसमें एक साले को गंभीर चोटे आई हैं। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी मौदहा पहुंचाया, जहां से एक साले को गंभीर हालत में रेफर किया गया है।
मौदहा कोतवाली के मॉचा गांव निवासी शबनम बानो ने बताया कि उसकी शादी आठ साल पूर्व गांव के दानिश अली से हुई थी।
ससुरालीजन कम दहेज के चलते उसका उत्पीड़न करने लगे। उसके एक बच्चा भी है। ससुरालियों की नीयत पति की दूसरी शादी कराने की है। ससुरालियों के उत्पीड़न की वजह से वह अपने घर वालों के साथ दिल्ली में रह रही थी। शुक्रवार की सुबह दिल्ली से मौदहा आई थी। ऑटो से माँचा गांव जा रही थी। साथ में मां जैनब और दो भाई निजाम अली व फरीद अली थे। तभी सिलौली गांव के पास पति दानिश अली कार से आ धमका। उसके साथ उसके परिवार के कई सदस्य और साथी थे। दानिश अली ने बच्चा छीनने की कोशिश की। उसने विरोध किया तो सभी लोग मारपीट पर आमादा हो गए। उसे, उसकी मां और भाइयों को लाठी-डंडों और लोहे की रॉड से पीटा गया। जिससे सभी लोग लहूलुहान हो गए। उसके भाई फरीद को मरा समझकर हमलावर फरार हो गए। उन्होंने तत्काल यूपी 112 पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी को सीएचसी मौदहा पहुंचाया, जहां से फरीद को गंभीर हालत में रेफर किया गया है। शबनम ने थाने में पति सहित पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी है।
मौदहा कोतवाली प्रभारी ने बताया कि सबनम बानो पत्नी दानिश अली पुत्री यूसुफ अली निवासी ग्राम मांचा थाना मौदहा का अपने पति के साथ काफी समय से मनमुटाव चल रहा था। वह उसके साथ नहीं रहना चाहती थी। बच्चों को अपने पास रखने को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ जो मारपीट में बदल गया। पीड़िता एवं उसके भाई को चिकित्सीय परीक्षण हेतु सीएचसी मौदहा भेजा गया है। प्रकरण में 2 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *