लखनऊ। मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव का पार्थिव शरीर उनके विक्रमादित्य आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। इस मौके पर उनके अंतिम दर्शन करने व श्रद्धांजलि देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री व अन्य मंत्री पहुंचे। वहीं, पूरा यादव परिवार भी मौजूद रहा। अंतिम संस्कार के लिए पार्थिव शरीर को बृहस्पतिवार को करीब सवा 12 बजे बैकुंठधाम ले जाया गया। इसके पहले प्रतीक की बेटी प्रथमा और उनकी पत्नी अपर्णा यादव ने उन्हें अंतिम विदाई दी। प्रतीक को अंतिम विदाई देते समय अपर्णा फूट-फूटकर रो पड़ीं। इस दौरान पूरा माहौल गमगीन रहा।

प्रतीक यादव की हृदयगति रुकन और फेफड़ों में खून का थक्का जमने से मौत हो गई थी। वह अपने घर के किचन में बेसुध हालात में मिले थे। उन्हें सिविल अस्पताल ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनके अंतिम दर्शन के लिए राजनेता और धर्माचार्य व सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े लोग पहुंचे। प्रतीक यादव की तबीयत बिगड़ने के समय अपर्णा यादव मुंबई में थीं। पति की मौत की खबर सुनकर वो लखनऊ पहुंचीं। इसके बाद परिजन पोस्टमार्टम के बाद शव को लेकर घर पहुंचे। प्रतीक के शव को अंतिम संस्कार के लिए बैकुंठधाम ले जाया गया। उनकी अंतिम यात्रा के समय बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे।

चाचा शिवपाल सिंह यादव अपने पूरे परिवार के साथ प्रतीक के अंतिम दर्शन के लिए पहुंचे। सांसद डिंपल यादव ने अंतिम विदाई से पहले प्रतीक को निहारा और उन्हें श्रद्धांजलि दी। प्रतीक के पार्थिक शरीर को अंतिम यात्रा पर भेजने से पहले पत्नी अपर्णा भावुक हो गईं। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अंतिम दर्शन कर श्रद्धांजलि दी। भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह व सांसद धर्मेंद्र यादव ने अंतिम दर्शन किए।
