नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की ‘स्ट्राइक’, तड़के सुबह 150 जवानों का 75 ठिकानों पर छापा; 10 हिरासत में

नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस की ‘स्ट्राइक’, तड़के सुबह 150 जवानों का 75 ठिकानों पर छापा

कानपुर। कानपुर के किदवई नगर क्षेत्र में नशा तस्करों के खिलाफ पुलिस ने शुक्रवार तड़के बड़े पैमाने पर अभियान चलाते हुए एक साथ दर्जनों ठिकानों पर छापा मारा। सुबह करीब पांच बजे शुरू हुई कार्रवाई में 150 पुलिसकर्मियों की टीम ने 70 से 75 घरों की तलाशी ली। अभियान में 35 महिला पुलिसकर्मियों को भी शामिल किया गया था। छापे के दौरान पुलिस ने 10 संदिग्ध लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। अधिकारियों के अनुसार कार्रवाई का उद्देश्य क्षेत्र में सक्रिय नशा तस्करी के नेटवर्क को ध्वस्त करना और इसके सरगनाओं तक पहुंचना है। पुलिस जांच में संजय सिंह और मान सिंह के नाम नशा कारोबार के प्रमुख संचालकों के रूप में सामने आए हैं। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक इनके नेटवर्क के जरिए शहर के अलावा आसपास के जिलों में भी नशीले पदार्थों की आपूर्ति की जाती थी। छापे के दौरान पुलिस ने कई ठिकानों से महत्वपूर्ण जानकारियां और सुराग जुटाए हैं, जिनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। अचानक हुई इस व्यापक कार्रवाई से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। इस दौरान इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कार्रवाई को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग घरों से बाहर निकल आए। पुलिस अधिकारियों का स्पष्ट कहना है कि यह केवल एक शुरुआत है। नशा तस्करी के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। जो भी इस नेटवर्क से जुड़ा है, उसे बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *