पूर्व सांसद बृजभूषण और उनके विधायक बेटे को धमकी

पूर्व सांसद बृजभूषण और उनके विधायक बेटे को धमकी

गोंडा। कैसरगंज के पूर्व भाजपा सांसद बृजभूषण शरण सिंह और गोंडा सदर से भाजपा विधायक प्रतीक भूषण सिंह को मोबाइल फोन पर जान से मारने की धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। विधायक प्रतिनिधि की तहरीर पर कोतवाली नगर पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस को दी गई तहरीर में विधायक प्रतिनिधि अजय सिंह ने बताया कि 14 जून 2026 को दोपहर करीब 2:22 बजे विधायक के मोबाइल फोन पर एक अज्ञात व्यक्ति की कॉल आई। बातचीत के दौरान कॉलर ने धमकी भरे लहजे में कहा कि वह विधायक और उनके पिता की हत्या का इंतजाम कर चुका है; अगर बच सकते हैं, तो बच लें। धमकी मिलने के बाद विधायक ने तत्काल पुलिस अधिकारियों को मामले की जानकारी दी। प्रारंभिक जांच में संबंधित मोबाइल नंबर के उपयोगकर्ता की पहचान राजस्थान के अलवर जिले के निवासी संदीप शर्मा के रूप में हुई है। तहरीर में कहा गया है कि विधायक और उनका परिवार पहले भी आपराधिक तत्वों के निशाने पर रहा है, ऐसे में एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि को दी गई यह धमकी सुरक्षा का गंभीर विषय है। मामले में राजस्थान पुलिस से समन्वय स्थापित कर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की गई है। कोतवाली नगर के प्रभारी निरीक्षक विंदेश्वरी मणि त्रिपाठी ने बताया कि तहरीर के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की सघन जांच शुरू कर दी गई है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम को राजस्थान भेजा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *