- मुख्य चिकित्साधिकारी ने नवजात शिशु को पोलियो ड्रॉप पिलाकर किया अभियान का शुभारंभ, अभिभावकों से बच्चों को बूथ तक लाने की अपील
फतेहपुर। जनपद में सघन पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ जिला चिकित्सालय में किया गया। अभियान की शुरुआत मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह ने फीता काटकर की। इसके बाद उन्होंने नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद पिलाकर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर डॉ. पी.के. सिंह (अपर मुख्य चिकित्साधिकारी), डॉ. सुरेश कुमार (जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी पल्स पोलियो), जिला क्षय रोग नियंत्रण अधिकारी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, गावी एवं जेएसआई के प्रतिनिधि तथा पत्रकार मौजूद रहे। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं नोडल अधिकारी ने उपस्थित लोगों से अपील करते हुए कहा कि 0 से 5 वर्ष तक के सभी बच्चों को पल्स पोलियो अभियान के दौरान नजदीकी बूथ पर ले जाकर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाएं, ताकि कोई भी बच्चा इस जीवनरक्षक दवा से वंचित न रहे। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. यू.बी. सिंह ने कहा कि पोलियो उन्मूलन के लिए प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों से अभियान में सक्रिय सहयोग करने और अपने सभी छोटे बच्चों को पोलियो ड्रॉप अवश्य पिलाने की अपील की।
