राम मंदिर चंदा चोरी से पूरा देश आहत
भाजपा के इशारे पर बोलते है राजभर
भरुआ सुमेरपुर। बुंदेलखंड से समाजवाद का गहरा नाता रहा है। समाजवाद के पुरोधा डॉ. राम मनोहर लोहिया ने चित्रकूट में राम की परिकल्पना की थी और धरतीपुत्र मुलायम सिंह यादव ने रामायण मेला का निर्माण करा कर डॉ. लोहिया की परिकल्पना को साकार किया था। बुंदेलखंड ऋषियों मुनियों की धरती है। इस धरती में ही भगवान राम ने वनवास का अधिकांश समय व्यतीत करके लोकतंत्र की स्थापना करने का कार्य किया था। बुंदेलखंड ने 2024 में सपा को बड़ी ताकत दी थी और चार लोकसभा सीटों में से तीन में सपा को जिता कर देश की तीसरी सबसे बड़ी पार्टी बनाने में सहयोग किया। राम मंदिर चंदा चोरी से पूरा देश आहत है। इसमें बड़े लोगों को डबल इंजन की सरकारें बचाकर छोटों को फंसा रही है। यह पूरा देश जानता है। 2027 के चुनाव में प्रदेश से भाजपा का सफाया हो जाएगा। उक्त उद्गार सपा नेता बलिया के सांसद सनातन पांडेय ने बुंदेलखंड दौरे के दौरान कस्बे की उद्योग नगरी में सपाइयों के स्वागत के उपरांत पत्रकार वार्ता में व्यक्त किए।
सपा सांसद ने प्रदेश के कबीना मंत्री ओमप्रकाश राजभर पर निशाना साधते हुए कहा कि 2022 में वह सपा के वोटो से ही जीते थे। सत्ता के लालच में भाजपा के साथ चले गए। अब भाजपा के इशारे पर अनाप-शनाप बोल रहे हैं। 2027 में वह चुनाव नहीं जीत पाएंगे। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद जिस भारत की परिकल्पना की गई थी। उसको भाजपा ने सत्ता में आकर खत्म कर दिया। संविधान खतरे में है। एस आई आर के माध्यम से मतदान का अधिकार छीना जा रहा है। संविधान में खतरा मंडरा रहा है। सभी संवैधानिक संस्थाओं में खतरा मंडरा रहा है। उन्होंने कहा कि सपा सशक्त विपक्ष की भूमिका निभा रही है। सपा राम विरोधी नहीं है। सपा राम के समाजवाद को लेकर चल रही है। इस देश में राम ने सीता हरण के बाद पशु पक्षी चर अचर को साथ लेकर समाजवाद की नींव रखी थी। उसी समाजवाद को सपा आगे बढ़ा रही है। चंदा चोरी से भाजपा के राम नाम के प्रेम के ढोंग का खुलासा हुआ हो गया है। यह जब राम के नहीं हुए हैं,तब यह समाज के कैसे होंगे। उनके शासन में किसान, छात्र, नौजवान, बेरोजगार,व्यापारी सभी परेशान है। 2027 में प्रदेश से भाजपा खत्म हो जाएगी। इस मौके पर सपा नेता कुलदीप शुक्ला, नंदकिशोर शिवहरे, सभासद राधे शुक्ला, दीपक शर्मा, विक्की मिश्रा, अज्जू मिश्रा, मोनू तिवारी,संजय यादव, अंकुश यादव, मानस शुक्ला, राजा पंडित, अजय मिश्रा, पवन द्विवेदी, ब्राह्मण महासभा के नगर अध्यक्ष बंधु मिश्रा आदि लोग मौजूद रहे।

