जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने जनसुनवाई में सुनीं फरियादियों की समस्याएं


समय-सीमा में निष्पक्ष निस्तारण के दिए सख्त निर्देश, लापरवाही पर होगी जवाबदेही तय

राहुल कुमार

उरई जालौन।जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने आज कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित जनसुनवाई में दूर-दराज से आए फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना और उनका त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसुनवाई में जिले के विभिन्न गांवों और कस्बों से बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे। डीएम ने एक-एक प्रार्थना पत्र का अवलोकन करते हुए फरियादियों से उनकी परेशानी विस्तार से समझी।

जनसुनवाई में राजस्व, पुलिस, विद्युत, नगर निकाय, विकास, समाज कल्याण, पेयजल, सड़क, पेंशन तथा अन्य विभागों से संबंधित शिकायतें प्राप्त हुईं।
कई बुजुर्ग वृद्धावस्था पेंशन, विधवा पेंशन और आवास के लिए अर्जी लेकर आए थे। वहीं कुछ लोगों ने नाली, सड़क, हैंडपंप खराब होने और भूमि विवाद की शिकायतें दर्ज कराईं।

फरियादियों की बात सुनने के बाद जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि *प्रत्येक शिकायत का निस्तारण निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से किया जाए।

उन्होंने कहा कि शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता आमजन को त्वरित न्याय एवं बेहतर प्रशासनिक सेवाएं उपलब्ध कराना है। इसलिए अधिकारी प्रत्येक शिकायत को संवेदनशीलता के साथ लें।

डीएम राजेश कुमार पाण्डेय ने दो टूक कहा जिन मामलों का निस्तारण मौके पर संभव है, उन्हें तत्काल निस्तारित किया जाए।
जिन प्रकरणों में स्थलीय जांच आवश्यक है, उनमें निर्धारित समय के भीतर जांच पूरी कर शिकायतकर्ता को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराई जाए।
शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही या अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी की जवाबदेही तय की जाएगी।

जिलाधिकारी ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देशित किया कि जनसुनवाई में प्राप्त प्रार्थना पत्रों का पोर्टल पर फीडिंग और फीडबैक की मॉनिटरिंग नियमित रूप से की जाए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान ही प्रशासन की सबसे बड़ी प्राथमिकता है।

जनसुनवाई के दौरान अपर जिलाधिकारी, उप जिलाधिकारी, सीओ, तहसीलदार और सभी विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *