हमीरपुर। समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति के खिलाफ मोर्चा खोलते हुये सोमवार को पुलिस अधीक्षक को एक ज्ञापन सौंपकर विधायक द्वारा की गई फेसबुक पोस्ट की जांच कराने की मांग की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चार दिन पहले सदर विधायक डा. मनोज प्रजापति के फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट डाली गयी थी। इस पोस्ट में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और ‘राम मंदिर चंदा चोरी’ के आरोपी टिन्नू यादव के बीच कथित फोन वार्तालाप का जिक्र किया गया था। इस पोस्ट में तंज कसते हुए लिखा गया, “उल्टा चोर कोतवाल को डांटे।”
इस पोस्ट में अखिलेश यादव की एक कार्टून तस्वीर भी शामिल थी, जिसमें टिन्नू यादव से उनकी कई बार फोन पर बातचीत होने का दावा किया गया था। इस पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर कई टिप्पणियां आने लगी थीं।
सोमवार दोपहर सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने विधायक की फेसबुक पोस्ट की फोटोकॉपी और साक्ष्य सहित एक शिकायती पत्र पुलिस अधीक्षक को सौंपा। उन्होंने इस पूरे मामले की गहन जांच की मांग की है।
समाजवादी जिलाध्यक्ष इदरीस खान ने कहा कि 9 जुलाई को भाजपा के सदर विधायक डा. मनोज कुमार प्रजापति ने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के खिलाफ फोटो सहित अभद्र टिप्पणी की थी। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता इस तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं करेंगे।
इदरीस खान ने आगे कहा कि यदि विधायक के पास अखिलेश यादव और टिन्नू यादव के बीच बातचीत का कोई प्रमाण है, तो उन्हें वह साक्ष्य सार्वजनिक करना चाहिए। अन्यथा, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। सपा ने एसपी से प्राथमिकी दर्ज करने की मांग की है और मानहानि का मुकदमा दायर करने की बात कही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता शुभकरण सिंह परिहार, पूर्व जिलाध्यक्ष ज्ञान सिंह यादव, राम प्रकाश प्रजापति, शिवशरण यादव, नन्दकिशोर शिवहरे, कुलदीप शुक्ला, संजय यादव, माया वाल्मीकि, मिस्बाहुल हसन लाला प्रधान, युगांक मिश्रा, राघवेन्द्र यादव, रिज़वान खान आदि सपाई उपस्थित रहे।
सपाइयों ने विधायक के खिलाफ खोला मोर्चाफेसबुक पोस्ट की जांच और साक्ष्य देने की मांग कर एसपी को सौंपा ज्ञापन
