हमीरपुर। ई रिक्शा संघ एवं ई रिक्शा डीलरों की बैठक अब्दुल कलाम सभागार में एडीएम की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में ई रिक्शा संघ को शासन प्रशासन के नियमों से अवगत कराकर संचालन हेतु आवश्यक दिशा निर्देश दिए गए। ई-रिक्शा संघ के संरक्षक ने डीलरों की मनमानी का मुद्दा उठाया। एडीएम ने नोटिस जारी करके सभी से जवाब तलब करने के निर्देश दिए।
बुधवार को ई-रिक्शा संघ एवं ई रिक्शा डीलरों की संयुक्त बैठक अब्दुल कलाम सभागार में एडीएम विजयशंकर तिवारी की अध्यक्षता में हुई। एआरटीओ एवं सीओ यातायात ने शासन के नियमों से सभी को अवगत कराया। ई-रिक्शा संघ के संरक्षक व्यापार मंडल अध्यक्ष महेश गुप्ता दीपू ने आरोप लगाया कि डीलर ई रिक्शा देने के समय अधूरे कागजात थमा रहे हैं। इससे चालकों को परेशानी होती है। इस पर एडीएम ने एआरटीओ से डीलरों के खिलाफ कार्यवाही करने को कहा। साथ ही बैंकों से मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना से ऋण दिलाने के लिए निर्देशित किया। व्यापार मंडल अध्यक्ष ने 5 वर्ष पुराने रिक्शों को बदलने का सुझाव रखा। जिसे अधिकारियों ने स्वीकार करते हुए कहा कि इसके लिए अभियान चलाया जाएगा। बैठक में हमीरपुर, कुरारा, मौदहा, मुस्करा, राठ, सरीला आदि ई रिक्शा संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।
