जिलाधिकारी ने बुके देकर किया स्वागत, अपनी कुर्सी पर बैठाकर बढ़ाया छात्रा का आत्मविश्वास, प्रतीक्षा ने कहा – मेहनत से पढ़ाई कर IAS या PCS बनना है सपना
राहुल कुमार
उरई जालौन। मिशन शक्ति के उद्देश्य को साकार करते हुए छात्राओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक सेवाओं के प्रति रुचि बढ़ाने की दिशा में एक प्रेरणादायी पहल देखने को मिली। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय मडोरा की कक्षा सात की छात्रा प्रतीक्षा को एक दिन के लिए प्रतीकात्मक जिलाधिकारी बनाया गया। जिलाधिकारी समीर ने स्वयं आगे बढ़कर बुके भेंट कर छात्रा का स्वागत किया और उसे अपनी कुर्सी पर बैठाकर प्रोत्साहित किया। इस अवसर ने छात्रा के मन में बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने के संकल्प को नई ऊर्जा दी।प्रतीकात्मक जिलाधिकारी के रूप में छात्रा प्रतीक्षा ने जनसुनवाई के दौरान फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को उनके निस्तारण के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। इस पहल के माध्यम से छात्रा को प्रशासनिक कार्यप्रणाली, जनसमस्याओं के समाधान तथा अधिकारियों की जिम्मेदारियों को करीब से समझने का अवसर मिला।इस दौरान छात्रा प्रतीक्षा ने उत्साहपूर्वक कहा कि वह मन लगाकर पढ़ाई करेगी और कड़ी मेहनत के दम पर आईएएस या पीसीएस अधिकारी बनने का अपना सपना पूरा करेगी।जिलाधिकारी समीर ने छात्रा की प्रतिभा और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि प्रतीक्षा बेहद होनहार छात्रा हैं। उन्हें पूरा विश्वास है कि वह आगे चलकर अच्छी शिक्षा प्राप्त करेंगी और किसी उच्च प्रशासनिक पद पर पहुंचकर अपनी जिम्मेदारियों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करेंगी।
