करवा चौथ के बाद अचानक बिगड़ी तबीयत, 27 वर्षीय युवक की मौत

पत्नी के साथ बुआ के घर आया था युवक,तीन वर्षीय बेटे के सिर से उठा पिता का साया

औरैया। फफूंद थाना क्षेत्र के ग्राम देवरपुर में रिश्तेदारी में आए 27 वर्षीय युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। परिजन उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल औरैया लेकर पहुंचे, जहां उसने दम तोड़ दिया। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार,दिबियापुर थाना क्षेत्र के चिटकाइयां पुरवा निवासी जगराम की पुत्री स्वेता (25) की शादी पांच वर्ष पहले इटावा जिले के भरथना थाना क्षेत्र के लालपुरा निवासी विनय (27) के साथ हुई थी। दोनों का तीन वर्षीय एक बेटा है। स्वेता अपने पति विनय के साथ औरैया के देवरपुर गांव में अपनी बुआ कमला के घर आई हुई थी। बीती रात करवा चौथ का व्रत पूरा होने के बाद अचानक विनय की तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे आनन-फानन में जिला अस्पताल औरैया ले गए, जहां उसकी मौत हो गई। स्वेता अपने पांच भाई-बहनों में सबसे बड़ी है। उसके पिता जगराम की तीन बेटियां और दो बेटे हैं। पति की अचानक मौत से पत्नी स्वेता और मायके पक्ष के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, तीन वर्षीय मासूम के सिर से पिता का साया उठने से दिबियापुर थाना क्षेत्र के चिटकाइयां पुरवा स्थित ननिहाल में मातम पसरा है।इस संबंध में दिबियापुर थाना प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि मृतक का पोस्टमार्टम चिचौली में किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *