बेकाबू डंफर ने नेशनल हाइवे में ट्रैक्टर ट्राली में मारी टक्कर
रियल मीडिया नेटवर्क
हमीरपुर। अपने गांव से गेहूं लादकर मौदहा आ रहे ट्रैक्टर में राजमार्ग पर पीछे से आ रहे बेकाबू डंपर ने टक्कर मार दी। जिससे ट्राली पलटने से उसमें बैठे एक सेवानिवृत लेखपाल सहित तीन किसान गंभीर रूप से घायल हो गए और ट्राली पर लदा गेहूं सड़क किनारे फैल गया। सभी घायलों को लहूलुहान हालत में सरकारी अस्पताल लाया गया। जहां तीनों का प्राथमिक उपचार कर मुख्यालय रेफर कर दिया गया।
थाना क्षेत्र सुमेरपुर के ग्राम इंगोहटा निवासी पुत्तन ट्रैक्टर की ट्राली में गेहूं लादकर मौदहा आ रहा था। ट्रॉली पर गांव के सेवानिवृत लेखपाल महेश 65 वर्ष पुत्र पूरन, अरुण 32 वर्ष पुत्र हरनाम, रामवीर 35 वर्ष पुत्र रघुवीर सहित अन्य लोग भी बैठे थे। जैसे ही ट्रैक्टर नेशनल हाइवे पर मकरांव के आगे पहुंचा। तभी पीछे से आ रहे बेकाबू डम्फर चालक ने ट्राली में टक्कर मार दी। जिससे ट्रॉली सड़क पर पलट गई और उसमें बैठे सभी किसानों के घायल होने के साथ-साथ सारा गेहूं सड़क पर फैल गया। घटना के बाद डंफर चालक डंफर छोडकर मौके से भाग निकला। इधर राहगीरों की मदद से गंभीर रूप से घायल महेश, अरुण व रामवीर को लहुलुहान हालत में सरकारी अस्पताल मौदहा में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक ने उनकी हालत नाजुक देख उनका प्राथमिक उपचार कर मुख्यालय रेफर कर दिया। उक्त किसान अपना गेहूं ट्रैक्टर में लादकर मौदहा बेचने आ रहे थे। तभी यह घटना हो गई। फिलहाल कोतवाली पुलिस ने दुर्घटना को अंजाम देने वाले डंफर को अपने कब्जे में लेकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

