राठ पूरब नहर की सफाई में लापरवाही का आरोप, पानी आने से पहले ही खुली व्यवस्था की पोल; लाखों के भुगतान पर उठे सवाल
हमीरपुर। राठ विधानसभा क्षेत्र में नहरों की सिल्ट सफाई को लेकर सिंचाई विभाग की कार्यप्रणाली सवालों के घेरे में आ गई है। बरगवां से पछखुरा तक नहरों की बदहाल स्थिति और राठ पूरब नहर में कथित तौर पर सफाई कार्य अधूरा होने को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है।ग्रामीणों का आरोप है कि नहरों की सफाई के नाम पर केवल सड़क किनारे दिखाई देने वाले हिस्सों में काम कराया जा रहा है, जबकि नहरों के अंदर जमी सिल्ट और गंदगी को हटाने की दिशा में अपेक्षित काम नहीं हुआ है। ऐसे में जल्द पानी छोड़े जाने की संभावना के बीच अधूरी सफाई से सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है।मामले में सिल्ट सफाई के नाम पर लाखों रुपये के भुगतान और जेई व ठेकेदारों की कथित मिलीभगत को लेकर भी सवाल उठाए जा रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि यदि नहरों की वास्तविक सफाई नहीं हुई है तो भुगतान किस आधार पर किया जाएगा?ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मौके पर नहरों की स्थिति का सत्यापन कराने तथा अनियमितता पाए जाने पर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।अब देखना यह होगा कि सिंचाई विभाग और जिला प्रशासन इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और नहरों में पानी छोड़े जाने से पहले सफाई व्यवस्था को दुरुस्त कराने के लिए क्या कदम उठाते हैं।
