लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी जिले स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार, रिश्तेदारों और शुभचिंतकों में शोक की लहर है। जानकारी के मुताबिक, शनिवार को हरिद्वार में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। मां के निधन के समय मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गोरखपुर दौरे पर थे। वह यहां विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल हो रहे थे। इसी दौरान उन्हें अपनी मां के निधन की सूचना मिली। मुख्यमंत्री के लिए यह व्यक्तिगत रूप से बेहद दुखद क्षण है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपनी मां सावित्री देवी से आखिरी मुलाकात इसी साल मई में हुई थी। सात मई को अपने दो दिवसीय उत्तराखंड दौरे पर मुख्यमंत्री पैतृक गांव पंचूर पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने गांव में आयोजित धार्मिक कार्यक्रमों में हिस्सा लिया और परिवार के लोगों से मुलाकात की थी। आठ मई को कार्यक्रमों के बाद वह अपने पैतृक आवास पहुंचे थे। यहां उन्होंने मां सावित्री देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया था। उस समय किसी को अंदाजा नहीं था कि मां-बेटे की यह मुलाकात आखिरी साबित होगी। संन्यास लेने के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पारिवारिक मुलाकातें सीमित रही हैं। हालांकि, अपने पैतृक गांव और परिवार से उनका जुड़ाव हमेशा बना रहा।
सीएम योगी की मां का निधन: पैतृक गांव में ली अंतिम सांस
