महापौर की पहल पर इकठ्ठा हुए आला हाकिम,मिलकर काम करें सभी विभाग,तब होगा समग्र विकास

रियल मीडिया नेटवर्क
कानपुर। नगर निगम मुख्यालय स्थित सभागार कक्ष में महापौर, आयुक्त, कानपुर मण्डल, कानपुर एवं नगर आयुक्त, नगर निगम की संयुक्त अध्यक्षता में कानपुर महानगर के समग्र विकास हेतु विभिन्न विभागों के साथ समन्वय स्थापित किये जाने हेतु बैठक की गयी। महापौर जी ने कहा कि नगर निगम द्वारा शहर में अतिक्रमण अभियान चलाया जा रहा है, उस पर पुनः अतिक्रमण न हो, पुलिस इसकी जिम्मेदारी लें। नगर निगम द्वारा इस बार नाले पर अतिक्रमण हटाते हुए नाला सफाई अभियान भी चलाया जा रहा है, किन्तु पुलिस विभाग का सहयोग नही मिल पा रहा है, लाल ईमली के पास अवैध शराब की दुकाने पुनः लग गयी। प्रतिदिन फोटो एवं वीडियोग्राफी भी करायी जा रही है।
आयुक्त, कानपुर मण्डल के विजयेन्द्र पांडियन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि अतिक्रमण एक गंभीर समस्या है और काफी परेशानियों के बाद अतिक्रमण हटता है, 2-3 बार नोटिस देना पड़ता है, फिर अतिक्रमण हटता है। सरकारी सम्पत्ति, सड़क, नाली खंडजा पर अतिक्रमण न हो, स्थानीय थाने की जिम्मेदारी होती है कि दोबारा अतिक्रमण न हो, ठोस कार्यवाही नही होनी चाहिए। अतिक्रमण एक बहुत बड़ी बाधा होती हैं। कानपुर नगर निगम एवं कानपुर विकास प्राधिकरण मिलकर कार्य करें। अभी तक जो अतिक्रमण हटाया गया है, उसकी सूची उपलब्ध करा दें, इसमें एक सिटी मजिस्ट्रेट की भी तैनाती की जायेगी।महापौर द्वारा कानपुर नगर निगम सीमान्तर्गत सिंचाई विभाग की नहरों पर अतिक्रमण और उसमें कूड़ा डाले जाने के सम्बन्ध मे पूछे जाने पर अधिशाषी अभियन्ता सिंचाई विभाग मनोज कुमार ने अवगत कराया नौरैयाखेड़ा से सीटीआई हलुआखाड़ा होते हुए जाने वाली नहर 0-11 किलोमीटर नगर निगम सीमा में पड़ती है, नहरो की सफाई के लिये वर्ष में एक बार शासन से धन मिलता है। कूड़ा हटवाने की जिम्मेदारी सिंचाई विभाग की नहीं है, सिचाई विभाग की 06 निष्प्रयोज्य नहरे है, जिसमें सिंचाई का कार्य बन्द हो गया है।
आयुक्त, कानपुर मण्डल के विजयेन्द्र पांडियन ने निर्देशित करते हुए कहा कि रोजाना कूड़ा पड़ने से कूडे़ का भण्डार बन जाता है, सिल्ट अलग विषय है, इससे बीमारियॉ फैलती है।
महापौर ने सिंचाई विभाग को निर्देशित करते हुए कहा कि जो 06 निष्प्रयोज्य नहरें उसका अतिक्रमण हटाकर नगर निगम को हस्तानान्तरित करा दें।
टेनरी से निकलने वाले अपशिष्ट के सम्बन्ध में पूछे जाने पर क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अजीत कुमार सुमन ने अवगत कराया कि टेनरी से निकलने वाले अपशिष्ट को एरीगेशन चैनलों के माध्यम से निस्तारित किया जाता है, इसमें घरेलु उत्प्रवाह भी आ जाता है, जिससे एसटीपी पर दबाव पड़ता है। जगह-जगह फैक्टरियों से निकलने वाले धुएं के सम्बन्ध में पूछे जाने पर क्षेत्रीय अधिकारी अजीत कुमार सुमन ने अवगत कराया कि शहर में कई स्थानों पर एपीसीडी (एयर पोल्यूशन कन्ट्रोल डिवाइस) लगवा रहे है, जिससे लेड फैक्टरियों पर काफी रोक लगी है। साथ ही जाजमऊ, पनकी, दादानगर, फर्रूखाबाद, के लिये अलग-अलग टीमे बनायी गयी है। जो प्रतिदिन निरीक्षण कर कार्यवाही हेतु निर्देशित किया गया है। गंगा में प्रदूषण हमारे मानको के अनुरूप है। कानपुर में 16 नाले है, जिसमें 11 नाले टेप है। हेजार्डस प्रदूषण के लिये कानपुर देहात में 02 प्लान्ट है।
आयुक्त, कानपुर मण्डल के विजयेन्द्र पांडियन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कानपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स पिछली बार काफी खराब आयी थी। छोटे-2 उद्योग घरेलु स्तर पर भी लगे हुए है। एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार करने के लिये सरकार की ओर से टेक्निकल अपग्रेड करने हेतु धन मिलता है, अभी हमारे पास रू 175 (रू0 एक सौ पचहत्तर करोड़) की धनराशि शेष है। कानपुर में 5 लाख तक सबसिडी दे सकते है, एनसीआर क्षेत्र में रू0 20 लाख तक सबसिडी दे सकते है। जो भी उद्योग फिल्टर या एयर क्वालिटी सुधार हेतु टेक्निकल अपग्रेड करेगा, उसके लिये तुरन्त धन रिलीज कर दिया जायेगा। हेजार्डस प्रदूषण प्लान्ट जो कानपुर देहात में है, वह सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश के अपशिष्ट का निस्तारण करता हैं, किन्तु अब दोनो कम्पनियॉ रैमके और भारत बायज अतिरिक्त स्थान की मांग कर रही है। कम्पनियों के कार्यो का निरीक्षण करते रहे।
महापौर ने निर्देशित करते हुए कहा कि रात्रि में गंगा में टेनरियों और जूते उद्योगों का छोटे-छोटे चमड़े के टुकड़े गंगा में डाल दिये जाते है, जिससे गंगा का रंग कभी नीला तो कभी लाल हो जाता है, इसकी जॉच कर कार्यवाही करें ।
मा0 महापौर जी द्वारा एसटीपी के सम्बन्ध में पूछे जाने पर मुख्य अभियन्ता जल निगम मनोज कुमार ने अगवत कराया कि जाजमऊ में 10 एमएलडी ले जायेंगे हमारे कई एसटीपी अभी निर्माणाधीन है, अब कोई नाला अनटैप नहीं रहेगा। बिजली की समस्या के लिए एलएनजी कम्पनी से बात हुई है। आयुक्त, कानपुर मण्डल के विजयेन्द्र पांडियन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए बिना ट्रीट किये पानी सीधे गंगा में नही जाना चाहिए। ट्रीट करने की जिस विभाग के पास कार्य है, उसी की जिम्मेदारी होगी। एनजीटी में आप कुछ छुपा नहीं सकते है। बिजली के लिये डीजल जेनरेटर की व्यवस्था रखे। तालाब, चारागाह की भूमि के सम्बन्ध में पूछे जाने पर सचिव, कानपुर विकास प्राधिकरण अभय कुमार पाण्डेय ने अवगत कराया कि इम्प्रूवमेन्ट ट्रस्ट, 85 ग्रामों की भूमि पर जो तालाब थे, उन पर कोई आवासीय योजना नहीं लायी गयी है। अतिक्रमण की सूचना प्राप्त होने पर कार्यवाही करते है। शासनादेश के अनुसार चारागाह भूमि यदि शहरी क्षेत्र में है, तो जिलाधिकारी की अनुमति से अन्य प्रयोग में ले सकते है।
महापौर ने कहा कि अभी परसो 5 लोग बिल्डिंग में आग लगने से जलकर मर गये। नगर निगम द्वारा वहॉ का अतिक्रमण हटाया गया था, जिसके कारण बिल्डिंग तक अग्निशमन की गाड़ियॉ पहुॅच पायी। संकरी गलियों 6 मंजिल, 8 मंजिल की बिल्डिंग बन रही है, बिना नक्शे के कैसे बन रही है, दिल्ली में बेसमेन्ट में पानी भरने से प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्रो की मृत्यु हो गयी। कानपुर में सैकड़ो बिल्डिंग बन गयी है, इसकी जॉच कौन करेगा ? तालाब, चारागाह, सड़क, फुटपाथ पर अतिक्रमण हो रहा है, कौन रोकेगा ?
सचिव, कानपुर विकास प्राधिकरण अभय कुमार पाण्डेय ने अवगत कराया कि जहॉ पर घटना हुई है उसी के पास चमनगंज में 20 से अधिक बिल्डिंग सील की गयी थी।
आयुक्त, कानपुर मण्डल के विजयेन्द्र पांडियन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि कानपुर नगर निगम एवं कानपुर विकास प्राधिकरण दोनों को एक साथ काम करना होगा। व्यावसायिक स्थल कई प्रकार के होते है, घरेलु, छोटे, बड़े इत्यादि। नये क्षेत्रों में तो काफी व्यवस्थाये होती है, किन्तु पुराने क्षेत्रों संकरी गलियों कई प्रकार की समस्याएं आती है। गर्मी में आग भी तेजी के साथ फैलता है। कानपुर सेतु निगम के ए0के0 सागर ने अवगत कराया कि कानपुर नगर में जयपुरिया क्रासिंग पर ओवर ब्रिज एवं दादानगर क्रासिंग पर ओवर ब्रिज निर्माणाधीन है, जो जून 2025 में पूर्ण हो जायेगा। आगे हमारा प्रोजेक्ट पनकी पड़ाव क्रासिंग, जरीब चौकी, शुक्लागंज पुराना गंगा पुल के बगल में नया पुल, टाट मिल चौराहा के बगल में एक और रेलवे ओवर ब्रिज प्रस्तावित है, जिस पर कार्य प्रारम्भ होना है। वार्ड 14 जूही में सीवर लाईन 12 फुट ऊपर डाल दिये जाने के सम्बन्ध में पूछे जाने पर प्रोजेक्ट मैनेजर, उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कारपोरेशन अरविन्द मीणा ने कहा कि इस पर जॉच कराकर जो भी कार्य होगा उसे कराया जायेगा। साथ मा0 महापौर द्वारा विश्वविद्यालय मेट्रो स्टेशन के आगे एस0पी0एस0 हॉस्पिटल को बदलकर आवास विकास या इन्दिरा नगर रखे जाने एवं नयागंज स्टेशन से नयागंज स्थान दूर होने के कारण जनता के भ्रमित होने के सम्बन्ध में पूछे जाने पर प्रोजेक्ट मैनेजर अरविन्द मीणा ने कहा कि यदि आपकी तरफ से प्रस्ताव आता है, इसे मेट्रो स्टेशनों का नाम परिवर्तित करा दिया जायेगा।
महापौर ने केस्को अधिकारियों से कहा कि आपके लगाये अन्डरग्राउन्ड बाक्स से जनता परेशान हो रही है एवं मर रही है।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा कि केस्को ने पूरे शहर में कनेक्शन बाक्स सड़क के बीच में कही सड़क के किनारे लगा दिये है, जो दुर्घटना का कारण बन रहे है और नगर निगम से न तो पूछते है और न ही अवगत कराते है कि कहॉ लगा रहे है।
अधिशाषी अभियन्ता केस्को सुशील कुमार ने कहा प्रबन्ध निदेशक केस्को से वार्ता करके समाधान करायेंगे।
जल निगम के अमृत योजना के सम्बन्ध में प्रोजेक्ट मैनेजर, जल निगम मोहित चक ने अवगत कराया गया कि अमृत योजना के अन्तर्गत गीता नगर में 24 घंटे पानी सप्लाई हेतु 30 किलोमीटर लाईन डाली जानी है, साथ ही 1400 घरो का कनेक्शन भी होना हैं। साथ ही कल्याणपुर उत्तरी, कल्याणपुर दक्षिणी, रतनपुर, ख्योरा, नानकारी में भी अमृत योजना से जलापूर्ति लाईन का कार्य होना है।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने कहा कि अमृत योजना के कार्य के उपरान्त सड़को की सही ढंग से मरम्मत नहीं कराते है, जिससे जनता को परेशानी होती है।
आयुक्त, कानपुर मण्डल के विजयेन्द्र पांडियन ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सड़क की गुणवत्ता ठीक रखना बहुत ही महत्वपूर्ण कार्य है, जो भी विभाग सड़क की खुदाई करे, बिना अनुमति के नहीं करें। सड़क खोदने से उसका कम्पैक्शन खराब हो जाता है, एक तरफ ऊॅचा, एक तरफ नीचा हो जाता हैं, जिससे जनता परेशान होती है। हमलोगों का कार्य जनता का भला करना है, उसका नुकसान करना नहीं। सड़के गुणवत्तापूर्ण रेस्टोर होना चाहिए। प्रबन्ध निदेशक, सीयूजीएल राजीव पाल ने अवगत कराया कि बायो गैस प्लान्ट के लिये सर्वे हो गया है। साथ ही केवा ग्रीन कम्पनी के साथ अनुबन्ध भी हो गया है।
महापौर द्वारा भूगर्भ जल के व्यावसायिक उपयोग पर रोक लगाये जाने के सम्बन्ध में पूछे जाने पर सहायक अभियन्ता भूगर्भ जल अविरल सिंह ने अवगत कराया कि बड़ी कम्पनियॉ अनुमति लेकर कार्य करती है, जो छोटे दुकानदार धुलाई सेन्टर, सर्विस सेन्टर इत्यादि अवैध है। उन्हें नोटिस दी गयी है। भूगर्भ जल की शुद्धता के सम्बन्ध में महाप्रबन्धक जलकल आनन्द कुमार त्रिपाठी ने अगवत कराया कि सरायमीता में अमोनिया एवं जूही राखी मण्डी में भूगर्भ जल में मरकरी पायी गयी है, जूही राखी मण्डी में जलकल से जलापूर्ति की जा रही है, भूमि रेलवे की है एवं झोपड़पटटी है।
महापौर जी द्वारा व्यावसायिक वाहनों से सड़को के खराब होने के सम्बन्ध में पूछे जाने पर परिवहन अधिकारी रामकेन्द्र कुमार सिंह ने अवगत कराया कि खनिज वाले वाहनों पर ओवरलोड होने पर 80 हजार से डेढ़ लाख तक का जुर्माना लगाते है। अन्य सामग्री वाले पर वाहनों पर जानकारी होने पर कार्यवाही करते है। कानपुर में 41 हजार व्यावसायिक वाहन पंजीकृत है।
महापौर जी द्वारा निः शुल्क शिक्षा के अन्तर्गत छात्रों का प्रवेश न हो पाने पर एडी एजुकेशन राजेश कुमार वर्मा ने अवगत कराया इस वर्ष कानपुर नगर में 2961 छात्रों को निःशुल्क शिक्षा अन्तर्गत प्रवेश हुआ है। शहर में 12-14 विद्यालय ऐसे है, जो अभिभावको को परेशान करते है। इस पर भी कार्यवाही करा रहे है।
महापौर जी द्वारा मेट्रो एवं सड़क चौड़ीकरण में एक पेड़ के काटने पर 10 पेड़ कहां लगाये गये के सम्बन्ध में पूछे जाने पर उप जिला वानिकी अधिकारी आशीष जैन ने कहा कि जेके मन्दिर के बगल में 200 पेड़, अरमापुर में 500 पेड़, सरसौल में 5000 ट्री गार्ड लगाये है, वहॉ पर जल्द ही पेड़ लगाये जायेंगे। महापौर ने कहा कि लोग अनुमति लेकर अपने घर के उपयोग लाये जाने हेतु बड़े पुराने एवं घने पेड़ कटवा रहे है, इस पर जॉच कर ही हरे पेड़ काटने की अनुमति प्रदान करें।
बैठक में एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह, अपर नगर आयुक्त, नगर निगम मो0 अवेश, अनूप वाजपेयी, मुख्य अभियन्ता पीडब्ल्यूडी रवि दत्त कुमार, मुख्य अभियन्ता, नगर निगम सैय्यद फरीद अख्तर जैदी, एडी स्वास्थ्य डा0 संजीव अग्रवाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, नगर निगम डा0 चन्द्रशेखर इत्यादि भी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *