भरुआ सुमेरपुर। एक गांव की एक युवती ने प्रयागराज के एक युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।आरोप लगाया है कि युवक ने उसकी होने वाली ससुराल में गंदी फोटो और बातचीत के ऑडियो भेज कर उसकी शादी तुड़वा दी है। वहीं ससुराल वाले शादी तोड़ने के बाद मंगनी में दिया गया सामान वापस नहीं दे रहे हैं। पुलिस ने युवक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
एक गांव की युवती का आरोप है कि उसकी मां के नाम सरकारी राशन की दुकान है। दुकान का सामान साईं ट्रांसपोर्ट आपूर्ति करता है। ट्रांसपोर्ट का मुनीम शिवम सिंह पुत्र संतोष सिंह निवासी प्रयागराज उससे फोन पर बात करता था। जब उसने मना किया तो उसने धमकी दी कि वह उसकी फोटो से छेड़छाड़ करके सोशल मीडिया में वायरल कर देगा। इससे घबराकर वह बातचीत करने लगी। इसी दौरान उसकी शादी बिवांर कस्बा में तय हो गई। दो अप्रैल को इंगेजमेंट वरीक्षा होने के बाद शिवम प्रयागराज ने उसकी गंदी तस्वीर, बातचीत का ऑडियो ससुराल भेज कर उसकी शादी तुड़वा दी है। ससुराल वाले वरीक्षा में दी गई नकदी एवं सामान वापस नहीं कर रहे हैं। पुलिस ने शिवम के खिलाफ आईटी एक्ट की धारा 67 के तहत रिपोर्ट दर्ज की है।
