दाखिल खारिज के एवज में किसान पुत्र से ले रहा था रिश्वत
रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। गुरुवार को दोपहर में एंटी करप्शन टीम ने मुख्यालय स्थित चकबंदी अधिकारी के कार्यालय में छापा मारकर कनिष्ठ सहायक को दाखिल खारिज के नाम पर किसान पुत्र से पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचकर थाने ले आई। मुकदमा दर्ज कराने के उपरांत टीम आरोपी को साथ लेकर बांदा लौट गई है।
गुरुवार को दोपहर में एंटी करप्शन टीम के इंस्पेक्टर संजय त्रिपाठी के नेतृत्व में बांदा से आई टीम ने चकबंदी अधिकारी के कार्यालय में छापा मारा और किसान पुत्र जीतू निषाद निवासी चंदूपुर से दाखिल खारिज के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ दबोचकर कस्बे के थाने ले आई। यहां पर मुकदमा दर्ज कराने के बाद टीम आरोपी कनिष्ठ सहायक प्रमोद कुमार को साथ लेकर बांदा लौट गई है। एंटी करप्शन टीम ने 20 दिन के अंदर मुख्यालय में यह दूसरी कार्यवाही की है। गत 18 जुलाई को टीम ने सीएमओ कार्यालय में छापा मारकर स्वास्थ्य विभाग के लिपिक पुष्पेंद्र सिंह को 21 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए पकड़ा था।

