युवाओं को अधिक हिस्सेदारी देने पर जोर
पुराने कार्यकर्ताओं से भी लेंगे मार्गदर्शन
घाटमपुर (कानपुर)। कांग्रेस ने अपने जनाधार को बढ़ाने के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की तैयारी शुरू की है।
इसी कड़ी में रविवार को कस्बे के मूसानगर रोड पर स्थित एक गेस्ट हाउस में कांग्रेस की बैठक हुई। जिसमें पार्टी के ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने कार्यकर्ताओं को नए सिरे से तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि शीर्ष नेतृत्व ने “संगठन सृजन अभियान” के तहत गांव कस्बों और शहरों में बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने की मुहिम चलाई है।
पार्टी के जिला प्रभारी दिनेश सिंह और जिला समन्वयक विजय मिश्रा ने कहा कि हमें संगठन में युवाओं को अधिक हिस्सेदारी देनी है। जबकि पुराने कार्यकर्ताओं को भी साथ लेकर चलना है। कहा कि इससे जहां बुजुर्गों की भावनाएं जुड़ेगी। वही युवा पीढ़ी उत्साह के साथ संगठन को गति देने में आगे आएगी।
इस मौके पर मुख्य रूप से पवन पांडेय, महेश श्रीवास्तव, शिवनाथ चौहान, आनंद मिश्रा, पूर्व विधायक स्व.नेकचंद पांडेय के सुपुत्र शक्ति पांडेय, जिला महासचिव इखलाक पहलवान, ए सुफियान, बलवंत यादव, लक्ष्मी शंकर पांडेय, नवीन कमल और राम जी आदि मौजूद रहे।
बैठक की अध्यक्षता बुजुर्ग कांग्रेसी नेता अलकेश तिवारी और संचालन पवन पांडेय ने किया। बैठक में कार्यकर्ताओं से सुझाव भी मांगे गए।
