रियल मीडिया नेटवर्क
राठ हमीरपुर। कस्बे के भटियाना मुहाल निवासी एक नवयुवती ने अपने मां-पिता और भाई पर शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न का गंभीर आरोप लगाते हुए कोतवाली में न्याय की गुहार लगाई है। पीड़िता का कहना है कि बीती शाम उसे घर में बेरहमी से पीटा गया, जिसकी वीडियो रिकॉर्डिंग भी उसके पास मौजूद है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, समीक्षा शर्मा पुत्री चंद्रशेखर शर्मा ने गुरुवार को कोतवाली पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि उसके पिता ने दो बेटियों और एक बेटे के होते हुए दूसरी शादी कर ली थी, जिसके बाद से ही घर में अशांति और तनाव का माहौल बना हुआ है। समीक्षा का आरोप है कि उसकी सौतेली मां और पिता लगातार उसे प्रताड़ित करते हैं, वहीं उसका भाई भी पिता के पक्ष में खड़ा हो गया है।
समीक्षा ने बताया कि उसे न सिर्फ मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा है, बल्कि अब उसके परिजन उसे मानसिक रूप से बीमार घोषित करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि उसे परिवार से बाहर किया जा सके। पीड़िता ने कहा कि वह पूर्ण रूप से बालिग है और अपने होशो-हवास में है। बीती रात उसके साथ मारपीट की गई, जिसे उसने वीडियो में रिकॉर्ड कर लिया।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम आसरे सरोज ने बताया कि युवती की शिकायत गंभीर है। उन्होंने उसका बयान दर्ज करने के साथ-साथ वीडियो फुटेज भी देखा है। फिलहाल युवती को समझा-बुझाकर भेजा गया है और उचित कानूनी कार्रवाई का भरोसा दिलाया गया है।
प्रभारी निरीक्षक ने कहा कि मामले की जांच कर आवश्यक धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा।
