महिला ने कोतवाली में दी तहरीर
राठ ——गुलाब नगर मोहल्ले में किराए के मकान में रह रहे एक पुलिसकर्मी पर मकान मालकिन के साथ मारपीट, गाली-गलौज और झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़ित महिला ने कोतवाली पहुंचकर मामले की शिकायत की है और सुरक्षा की गुहार लगाई है।
पीड़िता पार्वती देवी पत्नी स्व. धर्मेंद्र सिंह निवासी गुलाब नगर ने बताया कि तीन माह पूर्व उन्होंने अपने मकान का एक हिस्सा पुलिस विभाग में तैनात एक हेड कांस्टेबल को किराए पर दिया था। लेकिन उक्त पुलिसकर्मी ने अब तक एक भी माह का किराया नहीं दिया है।
शुक्रवार की शाम जब पार्वती देवी ने किराया मांगा तो वह आगबबूला हो उठा। आरोप है कि पुलिसकर्मी ने न सिर्फ गाली-गलौज की, बल्कि अपनी पत्नी के साथ मिलकर महिला के साथ मारपीट भी की। इतना ही नहीं, मकान पर कब्जा करने और महिला व उसके पुत्र को फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दे डाली।
पीड़िता ने कहा कि पुलिसकर्मी की दबंगई और रुतबे से वह बेहद डरी हुई है और उसे अपने व बेटे की सुरक्षा को लेकर आशंका है। शनिवार को महिला ने कोतवाली पहुंचकर पूरे मामले की लिखित शिकायत की।
इस संबंध में जब कोतवाली प्रभारी से संपर्क किया गया तो उन्होंने बताया कि मामला अभी तक उनके संज्ञान में नहीं है, लेकिन महिला की तहरीर पर जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
