घर सूना पाकर युवती ने फांसी लगाकर की आत्महत्या


हमीरपुर। मौदहा क्षेत्र के ग्राम छिमौली में परिजनों के मंदिर जाने के बाद घर सूना पाकर अज्ञात कारणों से एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। कोतवाली पुलिस ने मृतका के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजकर घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।
कोतवाली क्षेत्र मौदहा के ग्राम छिमौली निवासी गुड़िया 18 वर्ष पुत्री अमर सिंह ने गुरुवार की दोपहर अपने घर में दुपट्टा का फंदा बनाकर अपने गले में डाल फांसी लगा आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसके परिजन गांव के मंदिर गए हुए थे। इस घटना से मृतका के परिजनों में कोहराम मच गया। घटना की सूचना मिलते ही घटनास्थल पर ग्रामीणों का जमावड़ा लग गया। इस मामले की जानकारी होते ही कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच मृतका के शव को मेडिकल परीक्षण के लिए भेज घटना की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मृतका दो भाइयों एक बहन में दूसरे नंबर की थी। इंटर करने के बाद वह अब घरेलू व कृषि कार्यों में परिवारीजनों की मदद करती थी। फिलहाल यह घटना गांव में चर्चा का विषय बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *