सीमा विवाद में फंसा मृत्यु प्रमाण पत्र, पीड़ित परिवार परेशान

भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र में सीमा विवाद के चलते एक मृतक का मृत्यु प्रमाण पत्र जारी नहीं हो पा रहा है, जिससे पीड़ित परिवार को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नगर पंचायत और ग्राम पंचायत के बीच क्षेत्राधिकार को लेकर चल रहे विवाद के कारण आवेदक को लगातार चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन समाधान नहीं निकल पा रहा है।
चंदपुरवा बुजुर्ग निवासी संजीव कुमार ने बताया कि बीते 21 नवंबर 2025 को रेलवे ट्रैक पर उसके भाई आशीष कुमार पुत्र दयाराम की मौत हो गई थी। घटना के बाद मृतक के भाई ने विधिवत मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाने के लिए आवेदन किया, लेकिन अब तक उसे प्रमाण पत्र नहीं मिल सका है। पीड़ित का आरोप है कि वह कई बार संबंधित कार्यालयों के चक्कर लगा चुका है, लेकिन हर जगह उसे टाल दिया जाता है। पीड़ित भाई ने इस संबंध में डीपीआरओ और एसडीएम से भी गुहार लगाई, लेकिन इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। एडीओ पंचायत सुरेश कुमार ने अपने पत्र में स्पष्ट किया कि घटना स्थल ग्राम पंचायत क्षेत्र में नहीं आता है। वहीं नगर पंचायत के अधिशाषी अधिकारी दिनेश चंद्र आर्य ने भी यह कहकर पल्ला झाड़ लिया कि घटना स्थल उनके अधिकार क्षेत्र में नहीं है।
दोनों विभागों के बीच चल रहे इस विवाद का खामियाजा पीड़ित परिवार को भुगतना पड़ रहा है। बिना मृत्यु प्रमाण पत्र के परिवार को सरकारी योजनाओं और अन्य आवश्यक कार्यों में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। पीड़ित ने उच्च अधिकारियों से न्याय दिला कर जल्द से जल्द प्रमाण पत्र जारी कराने की मांग की है।
ईओ ने बताया कि घटना स्थल उनके सीमा क्षेत्र से करीब डेढ़ किमी दूर है।
चन्दपुरवा लेखपाल महेंद्र कुमार ने बताया कि घटना स्थल चन्दपुरवा मौजा में नहीं आता है। इसलिए सुमेरपुर नगर पंचायत से मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होना चाहिए। एडीओ पंचायत ने बताया कि घटना स्थल ग्राम पंचायत सीमा के बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *