राजकीय मेडिकल कॉलेज में शुरू हुई सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी, डीएम ने किया औचक निरीक्षण
उरई(जालौन)। जिले के मरीजों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब गुर्दा, मस्तिष्क, डायबिटीज और पेट के गंभीर रोगों के इलाज के लिए कानपुर या झांसी नहीं जाना पड़ेगा। राजकीय मेडिकल कॉलेज, उरई* में सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का शुभारंभ हो गया है।
जिलाधिकारी राजेश कुमार पाण्डेय ने गुरुवार को मेडिकल कॉलेज पहुंचकर नव प्रारंभ हुई सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने ओपीडी कक्ष, पंजीकरण काउंटर, दवा वितरण और मरीजों के बैठने की व्यवस्था का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने चिकित्सकों और अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनपदवासियों को गुणवत्तापूर्ण एवं विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
डीएम ने कहा कि मरीजों को समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं सहज चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उपचार में किसी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उनका उद्देश्य है कि स्थानीय स्तर पर ही लोगों को बेहतर इलाज मिले और उन्हें उपचार के लिए अन्य जनपदों की ओर न भटकना पड़े।
मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने बताया कि सुपर स्पेशियलिटी ओपीडी में सप्ताह में 5 दिन विशेषज्ञ डॉक्टर मरीजों को देखेंगे:
सोमवार एंडोक्राइनोलॉजी – डायबिटीज एवं थायराइड रोग
मंगलवार एवं गुरुवार न्यूरोलॉजी – मस्तिष्क एवं नसों के रोग
बुधवार नेफ्रोलॉजी – गुर्दा रोग
शुक्रवार गैस्ट्रोएंटरोलॉजी – पेट एवं पाचन तंत्र संबंधी रोग
जिलाधिकारी ने कहा कि इन सेवाओं के शुरू होने से जालौन के साथ-साथ आसपास के जनपदों के मरीजों को भी बड़ी राहत मिलेगी। गंभीर एवं जटिल बीमारियों के लिए दूरस्थ शहरों पर निर्भरता कम होगी। उन्होंने मेडिकल कॉलेज प्रशासन को निर्देश दिए कि ओपीडी के समय और सुविधाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिक से अधिक मरीज लाभ उठा सकें।
निरीक्षण के दौरान डीएम राजेश कुमार पांडेय, मुख्य विकास अधिकारी कुमेंद्र सिंह,मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य, महेंद्र सिंह संबंधित विभागों के विशेषज्ञ चिकित्सकगण एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
