रियल मीडिया नेटवर्क
भरुआ सुमेरपुर। कस्बे के बीचोबीच थाने के सामने शाम 6:00 बजे अचानक डंपर के खराब हो जाने से हाईवे में भीषण जाम लग गया। थानाध्यक्ष सहित पुलिस बल जाम खुलवाने के लिए हलाकान रहे। इसी बीच एक कार सवार थानाध्यक्ष से उलझ गया। तैश में आकर उसने थानाध्यक्ष के साथ धक्कामुक्की कर दी। पुलिस ने युवक को हिरासत में लेकर शराब पीने के शक में डाक्टरी परीक्षण कराया।
शनिवार को शाम 6:00 बजे कानपुर से कबरई की तरफ जा रहा एक डंपर थाने के सामने अचानक बंद हो गया। इसके बंद होते ही नेशनल हाईवे 34 पर भीषण जाम लग गया। जाम लगते ही बांदा मार्ग भी ठप हो गया। जिससे हाईवे पर तमाम बरातों के साथ एंबुलेंस,यात्री बसें आदि फंस गई। जाम का विकराल रूप देखकर थानाध्यक्ष अनूप सिंह पुलिस बल के साथ हाईवे पर उतरे और जाम खुलवाने का कवायद शुरू की। रात 8:00 बजे के बाद वाहनों के रेंगने का क्रम शुरू हो सका। इसी बीच मौदहा की तरफ जा रहा एक कार सवार आगे निकलने के चक्कर में थानाध्यक्ष से जेके मार्ट के पास हाईवे पर भिड़ गया। थानाध्यक्ष के टोकने पर यह आग बबूला होकर उनसे धक्कामुक्की कर बैठा। इस पर साथ चल रहे हमराहियों ने युवक को दबोच लिया। शराब पीये होने की आशंका पर अस्पताल ले जाकर डाक्टरी परीक्षण कराया। बाद में इसे पत्नी के साथ होने पर रिहा कर दिया गया। युवक कुनेहटा गांव का बताया जा रहा है। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद रात 12:00 बजे हाईवे सहित बांदा मार्ग का यातायात सामान्य कराया। जाम में बरातों के वाहन,परिवहन निगम की बसें एंबुलेंस आदि फंसकर रेंगती नजर आई। थानाध्यक्ष ने बताया कि डंपर के खराब होने से जाम लगा था। इसको हटवाकर यातायात सामान्य कराया गया है।

