भरुआ सुमेरपुर। कस्बे की उद्योग नगरी में संचालित बहुराष्ट्रीय कंपनी के सुपरवाइजर के साथ हुई लूट का पुलिस ने 48 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार करके लूटा हुआ मोबाइल नगदी के साथ लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की है।
थानाध्यक्ष अनूप सिंह ने बताया कि कस्बे के गुरगुज थोक का निवासी संजय कुमार फैक्ट्री एरिया में संचालित हिंदुस्तान युनिलीवर में बतौर सुपरवाइजर कार्यरत है। यह 7 अगस्त को रात करीब 8:00 बजे ड्यूटी करके वापस बाइक से लौट रहा था। फैक्ट्री एरिया में बीम गोडाउन के पास दो बाइक सवार बदमाशों ने बाइक से गिराकर मोबाइल के साथ ₹2900 नगद लूटकर फरार हो गए थे।
थानाध्यक्ष ने बताया कि शनिवार को सुबह चंद्रपुरवा मोड़ के पास से पुलिस ने मौदहा निवासी अरमान, अभिषेक को बाइक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस को इनके पास से लूटा गया मोबाइल और नगदी मिली है। अरमान गत 17 जुलाई को जेल से छुटकर आया है। इसको मौदहा पुलिस ने लूट की घटना में शामिल होने पर इनकाउंटर करके गिरफ्तार किया था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेजा है।

