मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को किया गया जागरूक

कानपुर नगर के नौबस्ता थाना क्षेत्र के कानपुर डिफेन्स फिजिकल एकेडमी में मिशन शक्ति अभियान के पांचवें चरण के तहत एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत गाकर किया गया। बड़ी संख्या में मौजूद एकेडमी की छात्राओं ने गर्मजोशी से भारत माता की जय वंदे मातरम के गगनभेदी नारे लगाए। एकेडमी डायरेक्टर सौरभ शुक्ला ने बताया कि विगत वर्षों में एकेडमी भारत के कई प्रदेशों से आए हजारों छात्र छात्राओं को विभिन्न सेवाओं में चयनित करा चुकी है। मिशन शक्ति इंचार्ज कीर्ति ने मौजूद बालिकाओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और छेड़छाड़ जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर जागरूक किया। कार्यक्रम में बालिकाओं और महिलाओं को साइबर अपराधों तथा छेड़छाड़ के मामलों के प्रति सतर्क रहने की जानकारी दी गई। टीम ने इन विषयों पर विस्तृत जानकारी प्रदान की, जिससे वे संभावित खतरों से बच सकें। बढ़ते साइबर अपराधों को देखते हुए, टीम ने महिलाओं और बालिकाओं को विशेष रूप से आगाह किया। उन्हें बताया गया कि किसी भी अनजान कॉल, मैसेज या लिंक पर भरोसा न करें और अपनी व्यक्तिगत जानकारी साझा करने से बचें, ताकि वे ऑनलाइन धोखाधड़ी का शिकार न हों। नौबस्ता एसीपी ने अभियान के तहत, बालिकाओं और महिलाओं को विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों से भी अवगत कराया। इनमें 1090 (महिला हेल्पलाइन) 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन) 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) 181 (महिला सहायता), 112 (आपातकालीन सेवा) और 1930 (साइबर फ्रॉड हेल्पलाइन) शामिल हैं। छात्राओं को बताया गया कि आपात स्थिति में इन नंबरों का उपयोग कर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सकती है। जागरूकता अभियान में मिशन शक्ति और एंटी रोमियो टीम की सदस्य सक्रिय रहीं। थाना प्रभारी नौबस्ता ने छात्राओं को विस्तार से जानकारी देते हुए उन्हें जागरूक किया। मिशन शक्ति टीम ने बालिकाओं को केंद्र और राज्य सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बताया, ताकि वे इनका लाभ उठा सकें और अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहें। हंसपुर चौकी इंचार्ज कौशल मिश्रा ने बताया कि मिशन शक्ति के पांचवें चरण के तहत ऐसे जागरूकता कार्यक्रम लगातार आयोजित किए जा रहे हैं। इनका मुख्य उद्देश्य छात्राओं और महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति सजग करना है। उन्होंने जोर दिया कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और किसी भी समस्या पर तुरंत कार्रवाई की जाती है। इस दौरान मुख्य रूप से एकेडमी डायरेक्टर सौरभ शुक्ला ने आए हुए अतिथियों का स्वागत माल्यार्पण एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *