घरेलू उपभोक्ताओं को अनावश्यक परेशान न करने के निर्देश, नियमों के उल्लंघन पर एफआईआर की चेतावनी
रियल मीडिया से राहुल कुमार
उरई (जालौन)। भीषण गर्मी के बीच आम उपभोक्ताओं को राहत देने के उद्देश्य से जिलाधिकारी राजेश कुमार पांडेय ने बिजली विभाग की विजिलेंस टीम को सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि छोटे घरेलू बिजली उपभोक्ताओं के यहां बिना अनुमति छापेमारी नहीं की जाएगी और आदेशों की अवहेलना करने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है। जिलाधिकारी ने अपने कार्यालय में विजिलेंस टीम के अधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहा कि उन्हें लगातार ऐसी शिकायतें प्राप्त हो रही हैं कि 1 से 4 किलोवाट तक के घरेलू बिजली कनेक्शन धारकों को छापेमारी के नाम पर अनावश्यक रूप से परेशान किया जा रहा है। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए कहा कि आम जनता के साथ किसी भी प्रकार का उत्पीड़न स्वीकार नहीं किया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि 1 से 4 किलोवाट तक के घरेलू कनेक्शन धारकों के यहां विजिलेंस टीम बिना अनुमति कोई छापेमारी नहीं करेगी। वहीं 4 किलोवाट से अधिक भार वाले कनेक्शनों पर भी कार्रवाई केवल जिलाधिकारी की पूर्व अनुमति प्राप्त होने के बाद ही की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी इन निर्देशों का उल्लंघन करता है और बिना अनुमति छापेमारी करता है तो उसके विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। जिलाधिकारी के इस निर्देश के बाद जिले के छोटे एवं मध्यम वर्गीय घरेलू बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। साथ ही उन्होंने बिजली विभाग को यह भी निर्देशित किया कि वैधानिक कार्रवाई पूरी पारदर्शिता और निर्धारित नियमों के अनुरूप ही की जाए, ताकि आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
जिलाधिकारी ने बिजली विभाग को दिए सख्त निर्देश, बिना अनुमति छापेमारी पर होगी कार्रवाई
