कृष्ण कुमार द्विवेदी ,महोबा
पड़ोसी जनपद हमीरपुर में राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग की अध्यक्ष साध्वी निरंजन ज्योति की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद के विभिन्न विभागों में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों से आरक्षण संबंधी व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
शनिवार देर साम आयोजित बैठक में जिलाधिकारी अभिषेक गोयल ने बताया कि नियमित भर्तियां शासन के नियमानुसार लोक सेवा आयोग एवं अधीनस्थ सेवा चयन आयोग के माध्यम से की जाती हैं, जिनमें ओबीसी अभ्यर्थियों को 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाता है।
बैठक में आयोग की अध्यक्ष ने विशेष रूप से निर्देश दिए कि आउटसोर्सिंग के माध्यम से होने वाली सभी भर्तियों में भी आरक्षण संबंधी प्रावधानों का कड़ाई से पालन कराया जाए। साथ ही भर्ती प्रक्रिया का व्यापक प्रचार-प्रसार कर पात्र पिछड़ा वर्ग अभ्यर्थियों को नियमानुसार 27 प्रतिशत आरक्षण का लाभ सुनिश्चित किया जाए।
समीक्षा के दौरान विभिन्न विभागों में आरक्षण व्यवस्था की स्थिति का आकलन करते हुए संबंधित अधिकारियों को शासन की मंशा के अनुरूप आरक्षण नियमों का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पुलिस अधीक्षक, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
