भरुआ सुमेरपुर। क्षेत्र के ग्राम पचखुरा बुजुर्ग मे एक नवविवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते सूना घर पाकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की चार माह पूर्व शादी हुई थी।
पचखुरा बुजुर्ग निवासी संजय कुटार की शादी गत 13 दिसंबर 2024 को कैथी गांव निवासी अंजना 21 वर्ष के साथ हुई थी। शुक्रवार को दोपहर बाद अंजना ने सुना घर पाकर फांसी लगा ली। घटना के समय पति एवं अन्य परिजन खेतों में फसल की कटाई करने गए थे। घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना करके शव को कब्जे में लिया है। घटना से मृतका के मायके वालों को अवगत कराकर मौके पर बुलाया गया है। घटना की वजह ससुरालीजन नहीं बता पा रहे हैं। ग्राम प्रधान प्रतिनिधि अजीत सिंह यादव ने बताया कि नवविवाहिता ने फांसी लगाकर घर के अंदर आत्महत्या की है। घटना के समय परिजन घर से बाहर थे।

